कोलारस! कोलारस तहसील के अंतर्गत ग्राम चंदौरिया में पदस्थ महिला पटवारी मीना कुशवाह को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला नामांतरण के एक प्रकरण में पैसों के लेन-देन से जुड़ा है, जिसका एक ऑडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस ऑडियो में पटवारी द्वारा काम के बदले रिश्वत की बात स्पष्ट रूप से सुनी गई।
तहसीलदार कोलारस द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन क्रमांक 1003 दिनांक 23.03.2026 में इस बात की पुष्टि की गई कि पटवारी के विरुद्ध पूर्व में भी इस तरह की शिकायतें प्राप्त होती रही हैं, जिससे प्रशासन की छवि खराब हुई है। तहसीलदार की रिपोर्ट और वायरल साक्ष्यों से सहमत होते हुए, एसडीएम ने म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्हें सस्पेंड करने का आदेश जारी किया।निलंबन की अवधि के दौरान श्रीमती मीना कुशवाह का मुख्यालय तहसील कार्यालय कोलारस निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के भ्रष्ट कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।


