सट्टा खिलाते दो आरोपी गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने टीम गठित कर 18 अगस्त 2026 को थाना क्षेत्र में सट्टे के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने काली माता मंदिर के पास मनियर रोड से करन पुत्र मोहन उम्र 31 वर्ष निवासी टोंगरा रोड फतेहपुर को पकड़ा। उसके कब्जे से दो सट्टा अंक पर्चियां, एक डॉट एवं 950 रुपये बरामद किए गए। इसी तरह रेन बसेरा के पास बस स्टैंड शिवपुरी से हर्ष पुत्र कैलाश उम्र 21 वर्ष निवासी फतेहपुर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से दो सट्टा अंक पर्चियां, एक डॉट एवं 3,480 रुपये बरामद हुए।
दोनों आरोपियों से कुल 4,430 रुपये एवं सट्टा सामग्री जब्त कर उनके खिलाफ अप.क्र. 639/26 एवं 640/26, धारा 4-क सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
अवैध पशु परिवहन और शराब मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
इसी कार्रवाई के तहत कोतवाली पुलिस ने अवैध पशु परिवहन एवं अवैध शराब के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों अफसर खान उर्फ वंशी पुत्र कल्लू खान उम्र 46 वर्ष निवासी तलैया मोहल्ला पुरानी शिवपुरी एवं जहीर खान पुत्र रमजान खान उम्र 46 वर्ष निवासी मोहम्मदपुर थाना रन्नौद, शिवपुरी को गिरफ्तार किया।
मामला 18 मार्च 2026 का है। पुलिस ने कठमई तिराहे पर पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 07-एजी-9065 को पकड़ा था। वाहन में 11 भैंस एवं 5 पड़िया ठूंस-ठूंसकर भरी हुई थीं। इसके अलावा चार प्लास्टिक की कट्टियों में करीब 67 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब, जिसकी कीमत करीब 6,700 रुपये थी, बरामद की गई थी। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन भी जब्त किया था।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अप.क्र. 192/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट, 11(2) पशु क्रूरता अधिनियम एवं 66, 192 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रकरण में दो आरोपी अफसर खान उर्फ वंशी एवं जहीर खान घटना दिनांक से फरार चल रहे थे, जिन्हें 18 अगस्त को कोतवाली पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर दोनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सट्टा, जुआ, अवैध शराब, अवैध पशु परिवहन सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

