प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवेकानंद कॉलोनी निवासी और पोहरी बायपास पर सोलर की दुकान चलाने वाले शिवम शर्मा पुत्र सुरेश शर्मा (सेवानिवृत्त पटवारी) गुरुवार की शाम मजदूरों को छोड़ने की कहकर निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लगा। घर पर उनकी पत्नी और पूरा परिवार उनके लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था, लेकिन करवा चौथ का यह पावन व्रत बिना पति के दीदार के अधूरा ही रह गया। रातभर बेचैनी में कटी और परिजन उनकी तलाश में दर-दर भटकते रहे। शुक्रवार सुबह जब परिजन तलाश करते हुए गुना बायपास स्थित थीम रोड पर श्रीराम धर्म कांटे के पास पहुँचे, तो पुल के नीचे का भयानक दृश्य देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शिवम की बाइक पुल में नीचे पड़ी हुई थी और उसी के पास उनका शव भी मिला।
बेटे की मौत की हृदयविदारक खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे सेवानिवृत्त पटवारी पिता सुरेश शर्मा बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े और अपना आपा खो बैठे। परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। इस अचानक हुए हादसे से शिवम की तीन साल पहले हुई शादी से बसा-बसाया परिवार उजड़ गया है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुँचा और शव को पुल से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पिता ने सीधे तौर पर बेटे की हत्या कर शव पुल में फेंके जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह महज कोई भीषण सड़क हादसा था या फिर किसी कत्ल का कोई खौफनाक राज।


