शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के सकलपुर गांव की एक आदिवासी महिला ने अपने पति की दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध और दूसरी शादी की धमकी से परेशान होकर एसपी से शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता रामप्यारी आदिवासी ने बताया कि उसकी शादी करीब 20 वर्ष पूर्व अशोक आदिवासी से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी और उनके 6 बच्चे हैं। इसके बावजूद उसका पति लज्जा आदिवासी नाम की महिला के साथ रह रहा है और उसे घर में लाने की धमकी देता है।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति आए दिन शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है और बच्चों के पालन-पोषण के लिए कोई खर्च नहीं देता। अशोक बीच-बीच में कुछ दिनों के लिए घर आता है, मारपीट करता है और फिर दूसरी महिला के पास चला जाता है। पत्नी द्वारा फोन करने पर दूसरी महिला के परिजन तक उसे धमकी देते हैं कि वह तेरा पति नहीं, मेरी लड़की के साथ रहता है।
रामप्यारी ने बताया कि वह गरीब आदिवासी परिवार से है और उसकी बड़ी बेटी अब शादी लायक हो गई है, लेकिन पति की लापरवाही और अत्याचार के कारण परिवार आर्थिक व मानसिक संकट से गुजर रहा है।
पीड़िता ने एसपी शिवपुरी से मांग की है कि उसके पति को समझाइश देकर परिवार के साथ रहने के लिए बाध्य किया जाए, साथ ही लज्जा आदिवासी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि उसके 6 बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।


