पिछोर में जल संकट, वाटर सप्लाई योजना कागज़ों में पूरी, ज़मीन पर शून्य

0


 पिछोर (शिवपुरी)। नगर परिषद पिछोर में रियान वाटर सप्लायर कंपनी द्वारा संचालित जल प्रदाय योजना एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वर्ष 2018 से चल रही यह योजना कागज़ों में पूरी बताई जा रही है, लेकिन हकीकत में आज दिनांक तक नगर के अधिकांश वार्डों में न तो पाइपलाइन डाली गई है और न ही नियमित जल आपूर्ति की कोई व्यवस्था की गई है।

जल संकट से परेशान नगर परिषद पिछोर के वार्डवासियों ने दिनांक 20 जनवरी 2026 को जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर शिवपुरी को आवेदन सौंपकर अपनी पीड़ा से अवगत कराया। आवेदकों का कहना है कि रियान वाटर सप्लायर कंपनी द्वारा किए गए कार्य को दस्तावेजों में पूर्ण दर्शा दिया गया है, जबकि धरातल पर मोटर, पाइपलाइन एवं जल आपूर्ति की कोई व्यवस्था मौजूद नहीं है।

स्थानीय निवासियों रामसकुमार, कल्ली, इन्द्रा, ज्योति, मिथलेश, केशर सहित अन्य नागरिकों ने आरोप लगाया कि वर्षों से नगरवासी पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रार्थीगणों ने कलेक्टर महोदय से मांग की है कि जल प्रदाय योजना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा रियान वाटर सप्लायर कंपनी को कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। साथ ही पूर्व में किए गए भुगतान और कार्यों की भी जांच की मांग की गई है।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर क्या कदम उठाता है और नगरवासियों को कब शुद्ध पेयजल नसीब होता है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top