प्रकरण के परीक्षण के दौरान संबंधित आवेदक के पूर्व रिकॉर्ड का अवलोकन किया गया, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि एल्मिको जबलपुर के विषय विशेषज्ञों द्वारा आयोजित शिविर 06 अक्टूबर 2023 में आवेदक को तत्कालीन पात्रता के अनुसार रोलेटर (चलित वॉकर) टीडी-2एन-86 प्रदाय किया जा चुका है। भारत सरकार की एडिप योजना के अंतर्गत एल्मिको द्वारा तीन वर्ष की समय-सीमा पूर्ण होने के उपरांत ही नवीन सहायक उपकरण हेतु पुनः चिन्हांकन किए जाने का प्रावधान है। इस आधार पर आवेदक को दिनांक 06 अक्टूबर 2026 के पश्चात ही नवीन उपकरण के लिए पात्रता प्राप्त होगी।
कलेक्टर द्वारा मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए जनसुनवाई के दौरान ही तत्काल रूप से दिव्यांग आवेदक को ट्राईसाईकिल प्रदाय की गई, किंतु संबंधित आवेदक द्वारा ट्राईसाईकिल प्राप्त करने से इंकार कर दिया गया। इसके पश्चात आवेदक को समुचित समझाइश दी गई कि पूर्व में प्रदाय किए गए उपकरण की तीन वर्ष की समय-सीमा पूर्ण होने के उपरांत दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को एल्मिको जबलपुर के माध्यम से पुनः परीक्षण कराया जाकर पात्रतानुसार नवीन सहायक उपकरण हेतु चिन्हांकन की कार्यवाही कराई जाएगी।


