शिवपुरी शहर के व्यस्ततम कमलागंज थीम रोड क्षेत्र में आज बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 10 बजे आइसक्रीम से भरी एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक RJ-27-GC-6552 अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक मकान के छज्जे व दीवार से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का छज्जा टूटकर नीचे गिर गया और दीवार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय छज्जे के नीचे या आसपास कोई मौजूद नहीं था, वरना किसी की जान जा सकती थी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन की ऊंचाई अधिक होने और चालक के संतुलन खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


