प्रदर्शनकारी पार्षदों का आरोप है कि नगर पालिका में जनहित के कार्यों की अनदेखी की जा रही है तथा उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा। उनका कहना था कि वे लंबे समय से अपनी समस्याएं और शिकायतें संगठन एवं वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकल सका है।
नाराज पार्षदों ने घोषणा की कि वे रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे। उनका कहना है कि इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री तक पहुंचाना है, ताकि नगर पालिका से जुड़े विवादों और उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई हो सके।
प्रदर्शन के दौरान बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। पार्षदों ने तख्तियां लहराते हुए नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन एवं पार्टी नेतृत्व का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
हालांकि, इस पूरे मामले में नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


