प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आशंका है कि युवक पानी से भरे गड्ढे में नहाने के लिए उतरा था। बताया जा रहा है कि उसने अपने कपड़े उतार दिए थे, लेकिन पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा सका। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे लोगों की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पानी से भरे गहरे गड्ढों को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि फोरलेन के आसपास ऐसे कई गहरे गड्ढे हैं, जो बरसात के दौरान पानी से भर जाते हैं और लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से इन गड्ढों को भरवाने और सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


