शिवपुरी। न्यू दर्पण कॉलोनी, करौंदी रोड स्थित सेट ल्यूड्स पब्लिक स्कूल तक पहुंचने वाले मुख्य सार्वजनिक रास्ते को ईंटों की चुनाई कर कथित रूप से बंद किए जाने का मामला सामने आया है। रास्ता बंद होने से स्कूल में आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन और कॉलोनीवासियों की ओर से कलेक्टर को आवेदन देकर रास्ते से अवैध बाधा हटवाने की मांग की गई है।
कलेक्टर को दिए आवेदन में स्कूल के अध्यक्ष/संचालक मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि वे न्यू दर्पण कॉलोनी, करौंदी रोड स्थित सेट ल्यूड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते हैं। स्कूल तक आने-जाने के लिए एक मुख्य सार्वजनिक रास्ता है, जिसका उपयोग स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों, स्कूल वाहनों सहित स्थानीय रहवासियों द्वारा किया जाता है।
दो परिवारों पर रास्ता रोकने का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कॉलोनी निवासी संध्या राजपूत पत्नी शंकर लाल राजपूत एवं मयंक राजपूत तथा सोनू यादव पुत्र रामस्वरूप यादव द्वारा कथित रूप से मनमाने तरीके से आम रास्ते पर बाधा खड़ी कर दी गई है। आवेदन के अनुसार रास्ते पर ईंटों की चुनाई कर उसे पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे स्कूल तक पहुंचने का रास्ता प्रभावित हुआ है।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि कॉलोनी के अन्य रहवासियों को इस रास्ते से आवागमन में कोई आपत्ति नहीं है और अधिकांश लोग रास्ते को खुला रखने के पक्ष में हैं। लेकिन कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से रास्ते में अवरोध पैदा किए जाने के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, पालकों और स्कूल वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
आवेदन में सबसे गंभीर चिंता छोटे बच्चों की सुरक्षा और आवागमन को लेकर जताई गई है। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक रास्ता बंद होने के कारण बच्चों और स्कूल वाहनों को परेशानी हो रही है। ऐसी स्थिति में किसी आपातकाल या दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं सहायता पहुंचने में भी दिक्कत हो सकती है।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस संबंध में स्थानीय कॉलोनीवासियों एवं अभिभावकों की सहमति से एक पंचनामा भी तैयार किया गया है, जिसमें सभी ने एक स्वर में कथित अवैध अवरोध को हटाकर रास्ते को पूर्ववत सुगम बनाए जाने की मांग की है।
कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व, पुलिस एवं नगर पालिका अमले को मौके पर भेजकर रास्ते की स्थिति का निरीक्षण कराया जाए। साथ ही रास्ते पर की गई ईंटों की चुनाई एवं कथित अवैध अवरोध को हटवाकर सार्वजनिक मार्ग को पूर्ववत खुलवाने के निर्देश जारी किए जाएं।
स्कूल प्रबंधन ने आवेदन के माध्यम से कहा है कि छात्र-छात्राओं के भविष्य, सुरक्षा और कॉलोनीवासियों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करे।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन मौके की जांच के बाद रास्ते को लेकर क्या निर्णय लेता है और कथित अवरोध को हटाने की कार्रवाई कब तक होती है।


