शिवपुरी। शहर के वार्ड क्रमांक 35 में सड़क को लेकर रहवासियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लंबे समय से भाजपा पार्षदों के कब्जे में रहे इस वार्ड के रहवासियों का आरोप है कि 25-30 साल गुजर जाने के बाद भी इस इलाके में सीसी रोड नहीं डाली गई। बारिश के मौसम में कच्चे और खराब रास्तों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रहवासियों का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले विधायक देवेंद्र जैन ने वार्ड में कई सभाएं की थीं। उस दौरान सड़क निर्माण का आश्वासन भी दिया गया था। इसके बाद नगरपालिका चुनाव में भी अलग-अलग प्रत्याशियों ने सड़क बनवाने का भरोसा दिलाया, लेकिन चुनाव खत्म होते ही आश्वासन भी मानो रफूचक्कर हो गए।
अब रहवासी सवाल उठा रहे हैं कि जब चुनाव के समय नेता घर-घर पहुंचकर विकास के वादे करते हैं, तो चुनाव के बाद सड़क की सुध लेने वाला कोई क्यों नहीं आता?


