शिवपुरी में दिनदहाड़े गुंडागर्दी, नहर पर घेरकर पीटा फिर कमरे में बंद कर की बेरहमी - 40 हजार लूटे, पीड़ित परिवार ने SP से लगाई न्याय गुहार

0



शिवपुरी। पिछोर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ दिनदहाड़े मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित की मां ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।


क्या है पूरा मामला?


पीड़ित युवक की मां सुमन विश्वकर्मा निवासी ग्राम ठुनी ने SP को दिए आवेदन में बताया कि 3 नवंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनका बेटा अमित विश्वकर्मा मोटरसाइकिल से अपने मामा अखिलेश के घर ग्राम कमालपुर मजरा धराहार जा रहा था।


तभी नहर के पास पहले से घात लगाए बैठे सुरेश पाल, उसके बेटों बृजेन्द्र पाल, दिनेश पाल सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया।


कमरे में बंद कर पीटा, 40 हजार छीने


आवेदन के मुताबिक मारपीट यहीं नहीं रुकी। आरोपियों ने अमित को जबरन अपने घर ले जाकर कमरे में बंद कर दिया और बेरहमी से पीटा। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने अमित की जेब में रखे फसल बिक्री के 40 हजार रुपये भी छीन लिए।


*मामा पहुंचा तो आरोपियों ने कर दिया 112 पर फोन*


बताया गया है कि घटना की जानकारी मिलने पर अमित के मामा अखिलेश मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए डायल 112 पर फोन कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और अमित सहित एक अन्य युवक को थाने ले गई।


थाने में FIR नहीं, सिर्फ सादे कागज पर आवेदन


परिजनों का सबसे बड़ा आरोप पिछोर थाने की कार्यप्रणाली पर है। परिजनों का कहना है कि थाने में पूरी घटना बताने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई और केवल सादे कागज पर आवेदन लेकर टरका दिया गया।


पहले भी दो बार हो चुका हमला, अब मिल रही धमकियां


सुमन का कहना है कि आरोपी पहले भी उसके बेटे पर दो बार हमला कर चुके हैं। अब परिवार को जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। पूरा परिवार दहशत में है।


SP से लगाई न्याय की गुहार


पीड़िता ने SP से मांग की है कि मामले में FIR दर्ज कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top