चलती कार पर पथराव: गुरुद्वारा चौराहा के पास अज्ञात स्कार्पियो सवारों ने किया हमला, शीशा चकनाचूर

0



शिवपुरी शहर के माधव चौक और गुना बायपास मार्ग पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब बीती रात अज्ञात लोगों ने एक चलती हुई कार को अचानक रोककर उस पर पथराव कर दिया। गनीमत यह रही कि इस हमले में कार में सवार व्यक्तियों को कोई चोट नहीं आई, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


जानकारी के अनुसार घटना बीती 5 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे की है। फरियादी अमन पुत्र रोशन मंसूरी, निवासी तलैया मोहल्ला, थाना देहात ने बताया कि वह अपने दोस्त अंबिका चंदेल और आईना सेन के साथ अपने परिचित की कार क्रमांक MP30 C 1536 में सवार होकर खाटू श्याम मंदिर, माधव चौक से गुना बायपास की तरफ जा रहा था।


जैसे ही उनकी कार गुरुद्वारा चौराहे के पास पहुँची, तभी एक स्कार्पियो कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता अचानक रोक दिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, स्कार्पियो से उतरा एक व्यक्ति सीधे उनकी कार के पास आया और रंजिश या नुकसान पहुँचाने की नीयत से कार पर जोरदार पत्थर दे मारा।


हमला इतना अचानक और तेज था कि कार का अगला शीशा चकनाचूर हो गया। इस घटना में करीब 5 से 7 हजार रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कार के भीतर बैठे किसी भी शख्स को खरोंच तक नहीं आई। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मौखिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस अब मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top