शिवपुरी/ अनुविभाग करेरा के अंतर्गत विकासखंड नरवर स्थित ग्राम करही के हायर सेकेंडरी विद्यालय में आज साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करेरा क्षेत्रीय विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने निःशुल्क साइकिल वितरण योजना अंतर्गत 124 छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। साइकिल प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ, जिसका प्रस्तुतीकरण छात्राओं काजल रावत और जया सोलंकी ने किया। विद्यालय के प्राचार्य अरविंद सडैया ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन वरिष्ठ शिक्षक ओमप्रकाश शर्मा ने किया। इस अवसर पर करही पंचायत के गणमान्य नागरिक, विद्यालय का पूरा स्टाफ एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
साइकिल वितरण करते हुए विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने कहा कि शिक्षा ही जीवन का वास्तविक आधार है और प्रदेश सरकार बच्चों को पढ़ाई में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय मांग के अनुरूप शीघ्र ही कृषि संकाय प्रारंभ किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र कृषि संबंधी ज्ञान अर्जित कर सकेंगे।


