ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों की देखरेख के लिए शिवपुरी पुलिस की सराहनीय पहल, झूला घर में बच्चों के मनोरंजन, शिक्षा, पोषण और सुरक्षा के इंतजाम।
जिला शिवपुरी के पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और ड्यूटी के दौरान उनके छोटे बच्चों की बेहतर देख-रेख सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 30.08.2026 को पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा पुलिस कन्ट्रोल रुम शिवपुरी में एक आधुनिक 'झूला घर' का शुभारंभ किया गया है। इस नवनिर्मित झूला घर का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवपुरी आर. डी. प्रजापति, सीएसपी शिवपुरी सचिन कुमार धुर्वे, रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती, शहर के थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी अपने बच्चों के साथ उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने और समाज की सुरक्षा में दिन-रात तत्पर रहते हैं। कई बार छोटे बच्चे होने के कारण उन्हें ड्यूटी और परिवार के बीच संतुलन बनाने में भारी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है। इस झूला घर की शुरुआत से शिवपुरी जिले के पुलिसकर्मी अब पूरी तरह तनावमुक्त होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे। ड्यूटी के दौरान उनके बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी अब पुलिस परिवार की होगी।
नवनिर्मित झूला घर को बच्चों के अनुकूल बेहद आकर्षक और रंग-बिरंगा बनाया गया है, इसमें बच्चों के खेलने के लिए खिलौने और शैक्षिक खेल सामग्रियां उपलब्ध कराई गई हैं। छोटे बच्चों के सोने के लिए आरामदायक पालने, गद्दे और पौष्टिक खान-पान के लिए पेंट्री एरिया बनाया गया है। बच्चों की सुरक्षित देखरेख के लिए महिला पुलिसकर्मियों/स्टाफ की तैनाती की गई है, साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर में CCTV कैमरे भी लगे हुये हैं।


