शिवपुरी में दीपावली नजदीक आने के साथ ही शहर की सब्जी मंडी के अंदर ही नहीं बल्कि बाहर भी चहल-पहल बढ़ गई है। मंडी के बाहर सड़क किनारे दुकानदारों ने सब्जी और फल के ठेले सजा लिए थे, जिससे आम रास्ता संकरा हो गया और आवागमन में दिक्कत आने लगी। सुबह और शाम के समय यहां भारी भीड़ के चलते जाम की स्थिति बन रही थी।
इसी को लेकर शुक्रवार सुबह 9 बजे यातायात पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने मानस भवन के पास सड़क पर लगी अस्थायी सब्जी मंडी को हटवाया। टीम ने वहां व्यापार कर रहे दुकानदारों को समझाइश दी कि वे अपना व्यापार मंडी के अंदर करें, ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि दीपावली त्यौहार के चलते शहर में भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में सड़क पर ठेले और दुकानें लगाने से यातायात बाधित हो रहा है। आज जिन दुकानदारों को हटाया गया है, उन्हें चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में फिर से सड़क पर दुकान लगाई गई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे सड़क पर वाहन खड़ा न करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें, ताकि त्यौहार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।


