शिवपुरी। शहर के ह्रदय स्थल गुरुद्वारा चौक स्थित श्रीनाथ रेस्टोरेंट के पास गुरुवार को एक चलते ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा उस समय हुआ जब ट्रक फल मंडी से माल खाली कर लौट रहा था। गनीमत रही कि स्थानीय नागरिकों ने समय रहते मोर्चा संभाला, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
मंडी से लौटते समय भड़की आग
ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह फल मंडी से पपीते खाली कर वापस लौट रहा था, तभी श्रीनाथ रेस्टोरेंट के पास ट्रक से अचानक धुंआ और लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ड्राइवर ने तत्काल ट्रक रोका और शोर मचाया।
जिम्मेदार मौन: टीआई ने नहीं उठाया फोन
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद पत्रकार ऋषि गोस्वामी ने कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ को सूचना देने के लिए उनके मोबाइल पर कॉल किया। लेकिन सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले टीआई ने कॉल रिसीव नहीं किया। पुलिस के इस उदासीन रवैये को लेकर मौके देखा गया।
फायर ब्रिगेड की लेटलतीफी, जनता बनी 'फायर फाइटर'
दमकल विभाग को भी तुरंत सूचना दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम पूरे 1 घंटे की देरी से घटना स्थल पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगो और राहगीरों ने मिलकर बाल्टियों से पानी और डालकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया था। यदि लोग दमकल का इंतज़ार करते, तो गुरुद्वारा चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
बिना किसी जनहानि के टला संकट
राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई हताहत नहीं हुआ है। ट्रक का कुछ हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन जनहानि नहीं होना एक बड़ा सुकून रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आपातकालीन सेवाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।


