70 वर्षीय बीमार बुजुर्ग ने कोतवाली थाने में लगाई गुहार, पुलिस ने मौके पर पहुँच रुकवाया कब्जा
शिवपुरी (संवाददाता)। शहर के सब्जी मंडी, कोर्ट रोड स्थित एक स्टेशनरी की दुकान पर आधी रात को कुछ लोगों द्वारा बलपूर्वक कब्जा करने, तोड़फोड़ और लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित एक 70 वर्षीय बुजुर्ग डॉक्टर हैं, जिन्होंने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर और सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित का दावा है कि उनके पास दुकान का कोर्ट से स्टे होने के बावजूद आरोपी गुंडागर्दी पर उतारू हैं।
आधी रात को बोला धावा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीराम कॉलोनी (मयूर टॉकीज के पीछे) निवासी डॉ. महेंद्र कुमार महाजन (उम्र 68-70 वर्ष) की कोर्ट रोड पर 'महाजन स्टेशनरी एंड बुक डिपो' के नाम से एक पुरानी दुकान है। डॉ. महाजन का आरोप है कि 7 और 8 मार्च 2026 की दरमियानी रात करीब 10 से 12 बजे के बीच कमला वर्मा (पत्नी नरेंद्र वर्मा), उनके पुत्र दिव्यांश उर्फ भोलू वर्मा, बहू पूजा वर्मा और उनके साथ आए 8-10 अन्य लोगों ने अंधेरे का फायदा उठाकर दुकान पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने दुकान पर जबरन कब्जा करने की नीयत से तोड़फोड़ शुरू कर दी और सामान बाहर निकालने लगे। किसी परिचित से सूचना मिलने पर पीड़ित ने तत्काल 112 और टीआई को फोन किया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कब्जा रुकवाया।
45 साल पहले पगड़ी पर ली थी दुकान, कोर्ट का है स्टे
पीड़ित डॉ. महाजन ने बताया कि उन्होंने यह दुकान आज से करीब 45 साल पहले श्री जानकी लाल जी वर्मा से पगड़ी पर ली थी। इस दुकान को लेकर माननीय व्यवहार न्यायालय शिवपुरी (प्र.क्र. 100ए दिनांक 16.06.2005) और एसडीएम न्यायालय शिवपुरी का स्थायी निषेधाज्ञा (स्टे) आदेश उनके पक्ष में है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी सरेआम न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन कर रहे हैं।
पहले भी लगा चुके हैं आग, 3 लाख का हुआ था नुकसान
शिकायतकर्ता के अनुसार, यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 31 जनवरी 2026 की रात को भी आरोपियों ने दुकान के तालों में आग लगाकर जबरन घुसने का प्रयास किया था। 31 जनवरी से 10 फरवरी के बीच आरोपियों ने दुकान से करीब ढाई से तीन लाख रुपये कीमत की पुस्तकें, स्टेशनरी, जनरल सामान, काउंटर और फर्नीचर आदि गायब कर दिए। इस मामले की शिकायत 3 फरवरी को जनसुनवाई में एसपी महोदय से भी की गई थी, जिसमें सबूत के तौर पर आगजनी और लूट की पेन ड्राइव व दस्तावेज सौंपे गए थे।
बीमार बुजुर्ग ने मांगी सुरक्षा
डॉ. महेंद्र कुमार महाजन हृदय रोग, हाई बीपी सहित कई गंभीर शारीरिक बीमारियों से ग्रसित हैं। उनका कहना है कि आरोपी उनकी इस अवस्था का फायदा उठा रहे हैं और उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित ने कोतवाली थाना प्रभारी को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई कर एफआईआर दर्ज करने और जान-माल की सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।


