छत के रास्ते घर में घुसे चोर, जागने पर भागे; पीछा करने पर किया पथराव, 4 बाइक छोड़कर फरार

0

शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात चोरी की वारदात का प्रयास सामने आया है। भूत पुलिया के पास रहने वाले एक परिवार के घर में छत के रास्ते घुसे चोर परिवार के जाग जाने पर भाग खड़े हुए। पीछा करने पर उनके साथियों ने पथराव कर दिया, जिसके बाद परिवार ने घर में लौटकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चोरों की तलाश शुरू की।

भूत पुलिया के पास रहने वाले मुकेश पांडेय ने बताया कि रविवार रात करीब 2 बजे दो से तीन अज्ञात चोर उनके घर की दूसरी मंजिल पर पहुंच गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी को आहट सुनाई दी, जिससे उसकी नींद खुल गई। पत्नी ने तुरंत मुकेश पांडेय और बेटे को जगा दिया। जब वे ऊपर पहुंचे तो चोर छत से कूदकर भागने लगे।

मुकेश पांडेय और उनके बेटे ने चोरों का पीछा किया, लेकिन कुछ दूरी पर बाइकों पर खड़े उनके साथियों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव से घबराकर दोनों वापस घर लौट आए और दरवाजे अंदर से बंद कर लिए। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फरियादी के साथ चोरों की तलाश की गई। इस दौरान फक्कड़ कॉलोनी में चार बाइक चालू हालत में खड़ी मिलीं, जिन्हें छोड़कर चोर फरार हो गए थे। पुलिस ने चारों बाइकों को जब्त कर लिया है।

थाना प्रभारी नम्रता भदोरिया ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद बाइकें चोरी की हैं या चोरों की ही हैं।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top