पुरानी शिवपुरी में नशेड़ी कार चालक का तांडव: कई लोगों को मारी टक्कर, युवक को दूर तक घसीटा

0


 शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलगर चौराहा और आसपास के इलाके में मंगलवार रात एक बेकाबू कार चालक ने जमकर कहर बरपाया। नशे की हालत में धुत एक कार चालक ने पैदल जा रहे युवकों सहित मोटरसाइकिल सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे कार काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी अमन चौहान (19) निवासी नीलगर चौराहा ने बताया कि रात करीब 10:00 बजे वह अपने साथी अनस खान के साथ सुभाष पार्क से आइसक्रीम खाकर पैदल घर लौट रहे थे। तभी कटरा मोहल्ले की ओर से आ रही सफेद रंग की वैगनआर कार (MP33 C 6755) के चालक ने तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमन साइड में जा गिरा, जबकि उसका साथी अनस खान कार में फंसकर काफी दूर तक घिसटता चला गया। अनस को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इतना ही नहीं, चालक ने आगे जाकर मोटरसाइकिल पर खड़े काजी समीउद्दीन और आशिफ शाह को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भिड़ंत में समीउद्दीन के पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।


हादसे के बाद मौके पर मौजूद रिषभ कोठारी और नावेद खान सहित अन्य राहगीरों ने साहस दिखाते हुए भाग रही कार को घेराबंदी कर रोक लिया। कार चला रहा शख्स आशीष जोशी निवासी कोलारस बताया जा रहा है, जो घटना के समय अत्यधिक नशे की हालत में था। आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।


देहात थाना पुलिस ने फरियादी अमन चौहान की रिपोर्ट पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैगनआर कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top