जमीनी विवाद में खूनी हमला: ट्रक के आगे फेंककर कुचलने की कोशिश, पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप

0


 शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम पडोरा में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। आरोप है कि 13 मार्च की रात करीब 9 बजे घात लगाकर बैठे आरोपियों ने एक राय होकर शिवप्रताप यादव और उनके परिवार पर लोहे की रॉड व लात-घूसों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, उन्हें ट्रक के आगे फेंककर कुचलने की कोशिश भी की गई। पीड़ित शिवप्रताप यादव ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि गंभीर हमले के बावजूद मामूली धाराओं में मामला दर्ज कर उल्टा उनके परिवार पर ही झूठा प्रकरण बना दिया गया।



शिवपुरी जिले के ग्राम पडोरा निवासी शिवप्रताप यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके परिवार की सामलाती कृषि भूमि को लेकर उनकी चाची त्रिवेणी यादव से लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसका मामला एसडीएम कोलारस के समक्ष विचाराधीन है।


पीड़ित शिव प्रताप यादव के अनुसार 13 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने पिता जगतसिंह यादव के साथ मोटरसाइकिल से अपने भाई शनिप्रताप को लेने एमएस कंपनी जा रहे थे। जैसे ही वे अपनी जमीन के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।

आरोपियों में त्रिवेणी यादव, उनकी पुत्री रानू यादव, बहू जूली यादव, रचना यादव सहित अजय यादव, बलवंत यादव, रघुवीर यादव, गोलू यादव, हरनाम सिंह यादव, अनुरुद्ध यादव और हजरत सिंह सहित करीब 15-16 लोग शामिल थे।


ट्रक के आगे फेंककर मारने की कोशिश -


शिवप्रताप का आरोप है कि पहले उन्हें गालियां दी गईं। विरोध करने पर त्रिवेणी यादव ने उनके हाथ-पैर पकड़ लिए और जूली यादव ने उनका गला दबा दिया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने मिलकर उन्हें सड़क पर धक्का देकर गुजर रहे ट्रक के आगे फेंक दिया, जिससे उनकी जान जाने का खतरा बन गया। वे किसी तरह बचकर भागे, लेकिन आरोपियों ने फिर उन्हें पकड़कर मारपीट की और दोबारा ट्रक के सामने धकेलने की कोशिश की। जब वह वहां से भागे तो गोलू यादव ने अपनी तवेरा गाड़ी (MP33BB1137) से उन्हें कुचलने का प्रयास किया। साथ ही गाड़ी से टायर लीवर निकालकर उनकी पिटाई की गई।


हमले में शिवप्रताप के दाएं हाथ, सीने और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि मारपीट के दौरान उनका मोबाइल गिर गया, जिस पर ट्रक चढ़ने से वह पूरी तरह टूट गया और बैटरी ब्लास्ट हो गई।


पीड़ित शिव प्रताप का कहना है कि पूरी घटना की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

शिवप्रताप यादव ने आरोप लगाया कि कोलारस पुलिस ने उनकी शिकायत पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने के बजाय मामूली धाराओं में रिपोर्ट लिखी और उल्टा उनके व उनके परिवार के खिलाफ ही झूठा प्रकरण दर्ज कर दिया।


उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ आरोपी सरकारी पदों पर हैं, जिसके कारण पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही।



पीड़ित शिवप्रताप ने बताया कि यह विवाद काफी समय से चल रहा है और आरोपी उनकी जमीन व हाईवे किनारे स्थित होटल को हड़पना चाहते हैं। इसके लिए गांव के कुछ अन्य लोग भी आरोपियों का साथ दे रहे हैं और परिवार में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं। अब उनके द्वारा जमीन पर लगाई गई किराए पर क्रेशर हटवाकर नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


शिवप्रताप ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पहले भी कई बार पुलिस थाना, एसपी और कलेक्टर को आवेदन दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया जाए और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top