शिवपुरी में हेलमेट को लेकर सख्ती: 10 मई तक विशेष अभियान, बिना हेलमेट चालान और लाइसेंस निलंबन की चेतावनी

0

 


पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक प्रदेशभर में हेलमेट को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज शिवपुरी यातायात पुलिस द्वारा ग्वालियर बायपास पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले लगभग 500 दोपहिया चालकों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया।


यातायात पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में समझाया और बताया कि हेलमेट न केवल कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन रक्षक भी साबित होता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में केवल समझाइश ही नहीं, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।


चालान और लाइसेंस निलंबन की होगी कार्रवाई

पुलिस विभाग ने चेतावनी दी है कि जो वाहन चालक हेलमेट नहीं पहनेंगे, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही लगातार नियम तोड़ने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।


पूरे जिले में चलेगा अभियान

यातायात पुलिस के अनुसार यह अभियान केवल ग्वालियर बायपास तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिवपुरी जिले के सभी प्रमुख मार्गों और चौराहों पर इसे प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।


सुरक्षा ही प्राथमिकता

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top