शिवपुरी। शहर के होटल गैलेक्सी में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी टीआई रोहित दुबे तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए खुद मोर्चा संभाल लिया। फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुंच पाने के कारण उन्होंने बिना देर किए बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
टीआई दुबे की सूझबूझ और तत्परता के चलते आग पर शुरुआती स्तर पर ही काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कुछ ही देर बाद नगर पालिका का टैंकर और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
इस पूरी घटना में सिटी कोतवाली पुलिस की सक्रियता और टीआई रोहित दुबे की बहादुरी की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।


