सब्जी मंडी अध्यक्ष इरशाद राहीन ने किसानों एवं व्यापारियों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि 28 तारीख को ईद पर्व के अवसर पर जिला शिवपुरी कृषि उपज मंडी एवं सब्जी मंडी में पूर्ण अवकाश रहेगा। मंडी में किसी प्रकार की खरीदी-बिक्री नहीं होगी, इसलिए जिले एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसान भाई अपनी सब्जियां एवं कृषि उपज लेकर मंडी में ना आएं। उन्होंने कहा कि यह सूचना किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहले ही जारी की जा रही है ताकि किसी भी किसान या व्यापारी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इरशाद राहीन ने कहा कि शिवपुरी जिला हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है। यहां सभी धर्मों और समाजों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं, जो जिले की संस्कृति और एकता की मिसाल है। ईद का पर्व हमें एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और मंडी प्रशासन हमेशा किसानों की सुविधाओं एवं हितों को प्राथमिकता देता आया है। मंडी में आने वाले किसानों को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाती हैं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसी क्रम में ईद पर्व पर मंडी बंद रखने की सूचना भी किसानों तक पहुंचाई जा रही है।
सब्जी मंडी अध्यक्ष ने सभी नागरिकों से त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हों और जिले में प्रेम एवं सद्भाव का संदेश फैलाएं। उन्होंने ईश्वर से जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।
इस अवसर पर मंडी व्यापारियों, किसानों एवं मजदूरों में भी ईद पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए जिले में अमन-चैन और भाईचारे की कामना की।


