सलैया में अवैध शराब के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, अमोला थाना प्रभारी पर संरक्षण देने के गंभीर आरोप

0


 जल्द अवैध शराब के ख़िलाफ़ होगा आंदोलन: आजाद लोधी 


करैरा ।-  करैरा अनुविभाग के अमोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सलैया में अवैध एवं कच्ची शराब के बढ़ते कारोबार को लेकर अब ग्रामीण खुलकर मैदान में उतर आए हैं। गांव में लगातार बढ़ रही नशाखोरी, युवाओं का बिगड़ता भविष्य और महिलाओं की बढ़ती परेशानियों ने लोगों के धैर्य का बांध तोड़ दिया है। इसी मुद्दे को लेकर युवा समाजसेवी आजाद लोधी के नेतृत्व में गांव में एक बड़ी चौपाल आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों ने एक स्वर में अवैध शराब के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का ऐलान किया। चौपाल में मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुलेआम कच्ची शराब बनाई और बेची जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग जानबूझकर आंखें मूंदे बैठा है। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होना यह साबित करता है कि शराब माफियाओं को कहीं न कहीं संरक्षण प्राप्त है। चौपाल को संबोधित करते हुए आजाद लोधी ने कहा कि सलैया गांव कभी शिक्षा, खेती और सामाजिक सौहार्द के लिए पहचाना जाता था, लेकिन आज हालात इतने खराब हो चुके हैं कि युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में फंसती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमोला थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता के कार्यकाल में अवैध शराब कारोबारियों के हौसले लगातार बुलंद हुए हैं और पुलिस की निष्क्रियता के कारण गांव में शराब का जाल तेजी से फैल रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि शाम ढलते ही गांव में शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, महिलाओं और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है तथा कई परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। चौपाल में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही गांव में अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि गांव में बिक रही कच्ची शराब के अड्डों पर तत्काल छापामार कार्रवाई की जाए, शराब माफियाओं के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएं और पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top