शिवपुरी शहर के न्यू ब्लॉक स्थित हंस बिल्डिंग के पास रविवार रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए तीन शातिर चोरों को रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से गांजे की पुड़िया भी बरामद हुई है, जिससे उनके नशे का आदी होने और अपराध में संलिप्त होने की पुष्टि हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, इन चोरों ने शनिवार को गल्ला मंडी क्षेत्र से बिजली की केबल और लहसुन की बोरियां चोरी की थीं। शनिवार रात से ही कुछ लोग इनकी तलाश में थे। रविवार रात जैसे ही ये तीनों न्यू ब्लॉक क्षेत्र में दिखाई दिए, स्थानीय निवासियों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को अपनी कस्टडी में ले लिया। पुलिस अब इन आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। क्षेत्र में इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।


