प्रेसवार्ता में मौजूद बिक्की यादव ने कहा कि हाल ही में हुए नीट परीक्षा पेपर लीक जैसे मामलों ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रेसवार्ता आयोजित की गई है। उनका कहना था कि वर्तमान शिक्षा नीति में बड़े बदलाव की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार को पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2024 में पेपर लीक को लेकर लाए गए कानून में दोषियों के लिए 10 साल तक की सजा और एक करोड़ रुपए तक जुर्माने का प्रावधान किया गया था। बावजूद इसके लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिससे युवाओं में आक्रोश है। उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक से जुड़े सभी आरोपियों पर कठोर कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई ऐसा करने की हिम्मत न कर सके।
युवाओं ने मध्यप्रदेश सरकार की नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि भर्ती और परीक्षाओं में अपनाई जा रही नॉर्मलाइजेशन प्रणाली इतनी जटिल हो चुकी है कि अधिकांश युवाओं को यह समझ ही नहीं आता कि अंक किस आधार पर तय किए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इसका फॉर्मूला सरल और पारदर्शी बनाया जाए।
बिक्की यादव ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी फिलहाल सोशल मीडिया पर एक अभियान के रूप में सक्रिय है, लेकिन इसके जरिए लाखों युवा अपनी नाराजगी और समस्याओं को सामने ला रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मिलियन में फॉलोअर्स और सब्सक्राइबर हैं और बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी के फाउंडर अभिजीत द्वारा शिक्षा मंत्री से नीट पेपर लीक मामले में इस्तीफे की मांग की गई है, जिसका वे समर्थन करते हैं।
उनका कहना था कि नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर संबंधित जिम्मेदार लोगों को पद छोड़ना चाहिए।
प्रेसवार्ता में यह भी कहा गया कि यदि भविष्य में यह संगठन राजनीतिक रूप से धरातल पर सक्रिय होता है तो यह युवाओं के भविष्य, रोजगार और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देगा। युवाओं ने बताया कि हाल ही में भोपाल में भी इसी तरह की प्रेसवार्ता आयोजित की गई थी, जिससे प्रेरित होकर शिवपुरी में यह आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में छात्र हितों की आवाज लगातार बुलंद की जाएगी और अब युवा जागरूक हो रहा है तो सरकार को भी अधिक संवेदनशील होना पड़ेगा। इस प्रेस वार्ता में विक्की यादव के साथ पुष्पेंद्र, शैलेन्द्र, शिवराम भी साथ थे।


