शिवपुरी। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। अत्यधिक तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दे रही है। प्रदेश में कई जिलों में लू और अत्यधिक तापमान को लेकर अलर्ट जारी है, वहीं शिवपुरी में भी तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है।
शहर में सुबह 10 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर दिखने लगता है, जिसके चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर के समय मुख्य बाजार, चौराहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। गर्मी का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों पर देखने को मिल रहा है। शिवपुरी में हाल के दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
डॉक्टरों और प्रशासन द्वारा लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी जा रही है। यदि जरूरी काम हो तो सिर ढंककर और पर्याप्त पानी साथ लेकर ही बाहर निकलने की अपील की गई है।


