कार्यक्रम में नगर परिषद के वार्ड पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के तहत छायादार, फलदार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। वृक्षारोपण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
नगर परिषद अध्यक्ष आशा गोविंद नागिल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखरेख का दायित्व निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है।
वार्ड पार्षदों ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए नागरिकों से हर अवसर पर पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा तापमान नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से नगरवासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान ने नगर में हरित वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का संदेश दिया, वहीं नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास भी कराया। कार्यक्रम में मौजूद रहे नगर परिषद सीएमओ महिपाल सिंह यादव, पार्षद बलराम कुशवाहा,पार्षद राजेंद्र परिहार,रामकुमार सेन ,
राय सिंह परिहार, मुन्ना नागिल, जनक नागिल, पंचम यादव, देवेंद्र यादव, तीस महाराज, नगर परिषद प्रतिनिधि सत्येंद्र नागिल आदि उपस्थित रहे।


