जानकारी के अनुसार, लुकवासा के पास स्थित खरई गांव के रहने वाले 55 वर्षीय देवीलाल जाटव अपनी पत्नी सुमित्रा जाटव के साथ शुक्रवार को रिजौदा गांव में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोनों पति-पत्नी अपनी बाइक से वापस अपने गांव खरई लौट रहे थे।
दंपत्ति जैसे ही एनएच-46 स्थित लुकवासा क्रॉसिंग के पास पहुंचे, तभी गुना की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपत्ति बाइक सहित हवा में उछलकर डिवाइडर से जा टकराए। हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।
राहगीरों और लुकवासा चौकी पुलिस की मदद से दोनों गंभीर घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद देवीलाल जाटव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुमित्रा जाटव की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में जारी है।
शनिवार सुबह पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मर्ग कायम किया। सुबह करीब 11 बजे शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद से खरई गांव में शोक की लहर है।

