मामला शिवपुरी के सराफा बाजार स्थित कनक ज्वेलरी का है, जहां कुछ लोग ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। दुकान में आभूषण देखने के दौरान आरोपियों ने चालाकी से सोने की बाली को बदलकर उसकी जगह पीतल की बाली रख दी और असली सोने की बाली लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान संचालक ने सामान की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि सोने की बाली गायब है और उसकी जगह पीतल की बाली रखी हुई है। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां कैद होती दिखाई दीं।
दुकान संचालक का कहना है कि आरोपियों ने बेहद शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
सराफा बाजार जैसे संवेदनशील व्यापारिक क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। व्यापारी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। अब देखना होगा कि सोने की बाली पर हाथ साफ करने वाले ये शातिर चोर कब तक कानून की गिरफ्त में आते हैं।


