इस अवसर पर विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें, छात्रवृत्ति, साइकिल, लैपटॉप और स्कूटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आर्थिक कारणों से किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि योग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थी अपने लक्ष्य आसानी से हासिल कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों से विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं और पढ़ाई की व्यवस्था की भी जानकारी ली।
विद्यालय के प्राचार्य अरविंद यादव ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर करैरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने बताया कि विद्यालय के विकास कार्यों के लिए 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर भेजी जा चुकी है, जिसका उपयोग विद्यालय के विकास में किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुई। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष वीनस गोयल, पूर्व मंडल अध्यक्ष हेमंत शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुकेश शर्मा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


