अधूरी रह गई खुशियां: सिंध नदी ने ली दो युवकों की जान, एक बहन का इकलौता सहारा था, दूसरे के घर बजने वाली थी शहनाई

0

 


शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम साखनौर में रविवार दोपहर सिंध नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक अपने साथियों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान वे नदी के गहरे गड्ढों में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।


मृतकों की पहचान प्रद्युम्न पुत्र गोपाल शर्मा (20) निवासी जगतपुर, कोलारस और सादिक खान पुत्र बाबू खान (24) निवासी वार्ड क्रमांक-7, कोलारस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रद्युम्न के पिता का कुछ माह पहले ही निधन हो गया था। वह अपनी बहन का इकलौता सहारा था। वहीं सादिक की दो महीने बाद शादी होनी थी। दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन समय पर कोई राहत दल मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और युवकों ने अपने स्तर पर रेस्क्यू शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया।


प्रशासनिक सहायता नहीं मिलने पर स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को दोपहिया वाहन से कोलारस के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक परीक्षण के बाद दोनों को शिवपुरी रेफर कर दिया। शिवपुरी पहुंचने पर सादिक खान को जिला अस्पताल और प्रद्युम्न शर्मा को मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।


घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शाम 6 बजे मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर प्रशासनिक मदद और राहत दल मौके पर पहुंच जाता, तो शायद दोनों युवकों की जान बचाने की संभावना बन सकती थी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top