दुकान खाली कराने के विवाद में हंगामा: किरायेदार का आरोप- नशे में दुकान में घुसकर सामान फेंका, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

0


 शिवपुरी शहर के कोर्ट रोड स्थित एक दुकान में किरायेदार और दुकान मालिक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। किरायेदार ने आरोप लगाया है कि दुकान मालिक नशे की हालत में दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए दुकान में रखा सामान बाहर फेंक दिया। पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। मामले की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात 10 बजे एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सईसपुरा निवासी नसीम अहमद कोर्ट रोड पर स्वर्गीय नरेंद्र कुमार वर्मा की दुकान में किराए से फॉल-पीको का काम करते हैं। नसीम का कहना है कि नरेंद्र कुमार वर्मा के निधन के बाद उनकी पत्नी कमला वर्मा और बेटे दिव्यांश वर्मा उनसे दुकान खाली कराने का दबाव बना रहे हैं। उनका आरोप है कि अधिक किराया देने की मांग की जा रही थी। इसी विवाद को लेकर उन्होंने न्यायालय की शरण ली थी, जहां मामला वर्तमान में विचाराधीन है।


नसीम अहमद के मुताबिक, इसके बावजूद दिव्यांश वर्मा लगातार दुकान खाली कराने के लिए दबाव बना रहा है। सोमवार शाम वह कथित रूप से नशे की हालत में दुकान पर पहुंचा और पहले दुकान के बाहर खड़े वाहन में लात मारने लगा। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए दुकान के अंदर घुस गया और वहां रखा सामान बाहर फेंक दिया। नसीम का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट करने की भी कोशिश की गई।


पीड़ित का यह भी कहना है कि घटना के समय दिव्यांश की मां कमला वर्मा भी मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने भी गाली-गलौज की। नसीम का दावा है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है। 


घटना के बाद नसीम अहमद ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top