4 करोड़ 50 लाख का भावी निवेश प्रस्तावित, उद्यम क्रांति योजना में 6 लाख 68 हजार के ऋण स्वीकृत
शिवपुरी 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026' के तहत अम्बेडकर भवन, नगर परिषद खनियाधाना में भव्य "उद्यम संवाद कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में संभागायुक्त मनोज खत्री भी शामिल हुए।कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने स्थापित उद्यमियों, व्यापारियों तथा नया उद्योग लगाने के इच्छुक युवाओं से सीधा संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने क्षेत्र में पूर्व से संचालित इकाइयों के स्थापित उद्यमियों से चर्चा कर उनके व्यावसायिक अनुभवों, उत्पादन की स्थिति और भविष्य की संभावनाओं को जाना। इसके साथ ही उन्होंने नया व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं का भी मार्गदर्शन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थापित व नए सभी उद्योगों को बिजली तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि नया उद्योग लगाने वाले युवाओं को कागजी प्रक्रियाओं से लेकर धरातल पर यूनिट स्थापित करने तक पूरा प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
स्थानीय उद्योगों में 4.50 करोड़ के नए निवेश का प्रस्ताव:
क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने के उद्देश्य से कई उद्यमियों ने अपनी नई एवं विस्तार योजनाओं के तहत निवेश के प्रस्ताव रखे। संवाद के दौरान नितेन्द्र चौबे द्वारा एम-सैंड प्लांट हेतु 2 करोड़ रुपये, ब्रजेन्द्र चौबे द्वारा कृषि उपकरण निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये, मे. कान्हा ट्रेडर्स प्रो. दिनेश साहू द्वारा ऑइल मिल व मूंगफली दाना निर्माण हेतु 50 लाख रुपये, मे. अरिहंत ऑइलसीड प्रोसेसिंग प्रो. संस्कार जैन द्वारा ऑइल मिल हेतु 50 लाख रुपये तथा मे. पंकज एग्रो इंडस्ट्रीज प्रो. पुष्पेंद्र झा द्वारा स्टील फेब्रिकेशन एवं एग्रो इंडस्ट्रीज हेतु 50 लाख रुपये का निवेश प्रस्ताव रखा गया। इस प्रकार उद्यमियों द्वारा कुल 4 करोड़ 50 लाख रुपये के नए एवं भावी निवेश के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिससे क्षेत्र में रोजगार के कई नए अवसर सृजित होंगे।
स्थापित उद्यमियों की सहभागिता:
कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व से स्थापित एवं संचालित उद्यमों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया, जिनमें मुख्य रूप से मे. एमके ट्रेडर्स के प्रो. आशीष जैन 40 लाख रुपये, मे. संजय ट्रेडर्स के प्रो. संजय जैन 40 लाख 65 हजार रुपये, वैष्णवी टेंट हाउस के प्रो. दिनेश कुमार झा 5 लाख 2 हजार रुपये, मे. जेएस एजेंसी के प्रो. जितेन्द्र साहू 7 लाख रुपये, मे. गुरुकृपा ट्रेडर्स के प्रो. कमलेश कुमार साहू 4 लाख 56 हजार रुपये, मे. गिरराज स्टील्स के प्रो. गुरुदयाल झा 50 लाख रुपये, दीपक साहू 7 लाख 83 हजार रुपये, मे. दिव्यांश ट्रेडर्स के प्रो. अशोक साहू 2 लाख 3 हजार रुपये एवं मे. आरके किराना स्टोर के प्रो. राकेश कुमार लोधी 2 लाख 4 हजार रुपये के निवेश के साथ शामिल रहे।
स्वरोजगार हेतु उद्यम क्रांति योजना के तहत प्रमाण पत्र एवं ऋण वितरण:
कार्यक्रम में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और नए छोटे व्यवसाय शुरू कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत कुल 6 लाख 68 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके तहत धर्मेंद्र केवट को कियोस्क संचालन हेतु 73 हजार रुपये, अरुण कुमार झा को वेल्डिंग शॉप हेतु 3 लाख 20 हजार रुपये, राहुल देव जोशी को कियोस्क संचालन हेतु 75 हजार रुपये तथा ब्रजेश कुमार साहू को किराना व्यापार हेतु 2 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र शिवपुरी के महाप्रबंधक श्री अजय तिवारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी व नागरिक उपस्थित रहे।


