शिवपुरी, 10 अगस्त। जिला अस्पताल शिवपुरी में ड्यूटी के दौरान कैजुअल्टी इंचार्ज एवं वरिष्ठ नर्सिंग प्रभारी धर्मेंद्र सिंह धाकड़ पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नर्सिंग स्टाफ एवं अस्पताल कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त की शाम जिला अस्पताल परिसर में आरोपी धारा सिंह अपने एक साथी के साथ कथित रूप से शराब पी रहा था। ऑन-ड्यूटी नर्सिंग ऑफिसर धर्मेंद्र सिंह धाकड़ ने अस्पताल परिसर में शराब पीने से मना किया, जिसके बाद आरोपी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में धर्मेंद्र सिंह धाकड़ गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही Voice of Nurse के प्रदेश अध्यक्ष शिवराज सिंह राजपूत, देवेंद्र सिंह धाकड़, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन एवं अस्पताल प्रबंधक के साथ थाना कोतवाली शिवपुरी पहुंचे और पुलिस के समक्ष मामले की शिकायत दर्ज कराई। संगठन के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष शिवराज सिंह राजपूत की त्वरित पहल के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महज 30 मिनट के भीतर आरोपी धारा सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।
नर्सिंग स्टाफ में आक्रोश
ऑन-ड्यूटी स्वास्थ्यकर्मी पर हुए हमले को लेकर नर्सिंग परिवार, चिकित्सकों एवं जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने कड़ा विरोध जताया है। Voice of Nurse ने आरोपी धारा सिंह एवं उसके साथी की तत्काल गिरफ्तारी तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संगठन ने अस्पताल परिसर में असामाजिक तत्वों एवं शराबियों के प्रवेश पर रोक लगाने, स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए अस्पताल परिसर में स्थायी पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Voice of Nurse ने स्पष्ट किया कि अस्पताल जैसे जीवनरक्षक संस्थान में ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों के साथ हिंसा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने चेतावनी दी है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने पर नर्सिंग स्टाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


