फरियाद लेकर पहुंचा बुजुर्ग... कलेक्टर तक पहुंचा आवेदन, लेकिन नहीं पहुंची उसकी आवाज!

0


 शिवपुरी मंगलवार जनसुनवाई में आवेदन देने कलेक्ट्रेट पहुंचे बुजुर्ग की अचानक मौत, हाथ में मिला कलेक्टर के नाम लिखा फरियादी पत्र


शिवपुरी। मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी समस्या लेकर प्रशासन के पास पहुंचे एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बुजुर्ग अपने हाथ में फरियाद का आवेदन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, लेकिन उनकी समस्या अधिकारियों तक पहुंच पाती, उससे पहले ही उनकी सांसें थम गईं।


बताया जा रहा है कि बुजुर्ग के पास जिला कलेक्टर के नाम लिखा एक आवेदन मिला है। आवेदन में कोलारस से बदरवास गैस कनेक्शन ट्रांसफर कराने की मांग का उल्लेख था। बुजुर्ग इसी समस्या के निराकरण की उम्मीद लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे।


आवेदन हाथ में रहा, फरियाद अधूरी रह गई


बुजुर्ग जनसुनवाई स्थल तक पहुंचे और अपनी समस्या का निराकरण कराने के लिए आवेदन लेकर अधिकारियों के सामने जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।


मौके पर मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।


मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं


बुजुर्ग की अचानक मौत किस वजह से हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


इस घटना ने जनसुनवाई के दौरान सभी को झकझोर दिया। जिस बुजुर्ग ने अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद में प्रशासन की चौखट पर कदम रखा था, उसकी फरियाद का कागज तो कलेक्ट्रेट तक पहुंच गया, लेकिन उसकी आवाज अधिकारियों तक पहुंचने से पहले ही हमेशा के लिए खामोश हो गई।


हाथ में आवेदन... आंखों में उम्मीद... और कलेक्ट्रेट की चौखट पर थम गई जिंदगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top