शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई

0

 


दो जूनियर डॉक्टर निलंबित, दो वरिष्ठ चिकित्सकों को सख्त चेतावनी

शिवपुरी। श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में मरीज के उपचार में कथित लापरवाही और बिना समुचित प्रक्रिया के रेफर किए जाने के मामले में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कराई गई, जिसके बाद दो जूनियर डॉक्टरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि दो वरिष्ठ चिकित्सकों को भविष्य में ऐसी लापरवाही न बरतने की सख्त चेतावनी दी गई है।

वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई जांच

दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक युवक ने अपने पिता के इलाज को लेकर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए थे। युवक का आरोप था कि मरीज को अस्पताल में उचित उपचार और समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिली तथा उसे रेफर कर दिया गया। बाद में मरीज की मौत हो गई। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जांच समिति गठित की।

तीन सदस्यीय समिति ने की मामले की जांच

मामले की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति ने उपलब्ध तथ्यों, उपचार प्रक्रिया और संबंधित चिकित्सकों की भूमिका की जांच की। समिति की रिपोर्ट एवं अनुशंसा के आधार पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

दो जूनियर डॉक्टर निलंबित

जांच के बाद इमरजेंसी विभाग के जूनियर रेजीडेंट डॉ. राज यादव तथा मेडिसिन विभाग की जूनियर रेजीडेंट डॉ. प्रियंका ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर मरीज के उपचार एवं चिकित्सकीय प्रक्रिया में लापरवाही बरतने से संबंधित जिम्मेदारी सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

दो वरिष्ठ चिकित्सकों को चेतावनी

वहीं, मरीज को समय पर नहीं देखने तथा बिना हस्ताक्षर के रेफर किए जाने की प्रक्रिया में जिम्मेदारी सामने आने पर मेडिसिन विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. रीतेश यादव और आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मल कदम को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी पत्र जारी किया गया है।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल में मरीजों के उपचार और रेफरल प्रक्रिया को लेकर जिम्मेदारी तय करने का संदेश गया है। साथ ही चिकित्सकों को मरीजों के उपचार में निर्धारित प्रोटोकॉल और चिकित्सकीय प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top