सिद्धेश्वर कॉलोनी में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे, धूमधाम से निकली बाबा महाकाल की कांवड़ यात्रा

0


 बाणगंगा धाम से पवित्र जल लेकर श्रद्धालुओं ने किया बाबा महाकाल का जलाभिषेक, भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र

शिवपुरी। सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित नर्मदेश्वर एवं बाबा महाकाल मंदिर में बाबा महाकाल की सेना एवं श्रद्धालुओं के द्वारा भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। वार्षिक कांवड़ यात्रा के दूसरे वर्ष आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं में कांवड़ यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया और पूरा क्षेत्र भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ बाणगंगा धाम से किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पवित्र जल कांवड़ में भरा। इसके बाद श्रद्धालु कांवड़ लेकर विभिन्न मार्गों से होते हुए सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित नर्मदेश्वर एवं बाबा महाकाल मंदिर पहुंचे। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’, ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया।

मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। इसके साथ ही विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से क्षेत्र एवं परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की गई।

आयोजन से जुड़े वैभव कबीर (कुक्कू भैया) ने बताया कि उनकी पूजनीय माता स्वर्गीय श्रीमती विद्या देवी की स्मृति में सिद्धेश्वर कॉलोनी में नर्मदेश्वर एवं बाबा महाकाल मंदिर की स्थापना की गई थी। मंदिर स्थापना के बाद से ही यहां धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की परंपरा निरंतर जारी है। वर्षभर मंदिर परिसर में गणेश उत्सव, नवरात्र महाआयोजन, भव्य जागरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में बाबा महाकाल की कांवड़ यात्रा का भी आयोजन किया जा रहा है।

कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु पूरे रास्ते भक्ति में सराबोर नजर आए। महिला श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे और सभी ने बाबा महाकाल से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top