पोहरी। पोहरी में दुकान का शटर निकालकर गल्ले में रखी 2 लाख 50 हजार रुपये की नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मंशा उर्फ मनीष ठाकुर के कब्जे से 17 हजार 200 रुपये नगद सहित चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल, बैग, कपड़े, जूते और एयरफोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद कुल मशरूका की कीमत करीब 43 हजार रुपये है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
शटर निकालकर गल्ले से उड़ाई थी ढाई लाख की रकम
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को फरियादी अशोक कुमार गुप्ता पुत्र बाबूलाल गुप्ता, उम्र 50 वर्ष, निवासी मेन चौराहा, किला रोड पोहरी ने थाना पोहरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि अज्ञात चोर दुकान का शटर निकालकर अंदर घुसा और गल्ले में रखे 2 लाख 50 हजार रुपये चोरी कर ले गया।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पोहरी में अपराध क्रमांक 252/2026, धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने सक्रिय किया मुखबिर तंत्र, साइबर सेल की भी ली मदद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति के निर्देशन तथा एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पोहरी निरीक्षक रवि चौहान ने पुलिस टीम को सक्रिय किया।
पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही साइबर सेल की मदद ली और चोरी के आरोपी एवं मशरूका की पतारसी के लिए विशेष टीम गठित की। टीम द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश एवं तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
इसी दौरान 28 अगस्त 2026 को पुलिस को सक्रिय मुखबिर से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंशा उर्फ मनीष ठाकुर पुत्र सत्यनारायण ठाकुर, उम्र 30 वर्ष, निवासी ब्लॉक कॉलोनी पोहरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ एवं आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से 17 हजार 200 रुपये नगद बरामद किए। इसके अलावा चोरी की रकम से खरीदा गया ओपो कंपनी का मोबाइल, लाल-बैंगनी-सफेद रंग का बैग, दो जोड़ी कपड़े, एक जोड़ी जूते एवं एक एयरफोन भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद कुल मशरूका की कीमत करीब 43 हजार रुपये है।
दो अन्य लोगों के नाम भी पूछताछ में आए सामने
पुलिस पूछताछ में आरोपी मंशा ठाकुर ने कथित तौर पर बताया कि चोरी की रकम में से 12 हजार 500 रुपये बबलू उर्फ बाबा गोस्वामी निवासी पोहरी को दिए थे, जबकि शेष रकम लल्लू कुशवाह निवासी भटनावर के पास होना बताया गया है।
पुलिस अब चोरी की शेष रकम की बरामदगी और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
43 हजार का मशरूका जब्त
पोहरी पुलिस की कार्रवाई में ₹17,200 नगद सहित मोबाइल, बैग, कपड़े, जूते और एयरफोन बरामद किए गए हैं। बरामद कुल मशरूका की कीमत करीब ₹43,000 बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया।


