शिवपुरी। जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फिजिकल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस द्वारा माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं सीएसपी शिवपुरी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में फिजिकल थाना पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को थाना फिजिकल पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने बारादरी गौरी कुण्ड के पास, शिवपुरी में कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपी की पहचान हितेश कोली पुत्र राजकपूर उर्फ गोपाल कोली, उम्र 34 वर्ष, निवासी कमलागंज घोषीपुरा, जिला शिवपुरी के रूप में की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो नीले रंग की प्लास्टिक की कट्टियों में 30-30 लीटर, कुल 60 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब बरामद हुई।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने अवैध शराब को जब्त कर आरोपी हितेश कोली को गिरफ्तार कर लिया।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना फिजिकल में अपराध क्रमांक 194/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस द्वारा लगातार अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई किए जाने से अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
जब्ती: 60 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब, अनुमानित कीमत ₹6,000।


