शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम अमोला क्रमांक 3 में रिश्तों को शर्मसार कर देने और इंसानियत को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक पत्नी के अवैध संबंधों ने ऐसी खूनी आग भड़काई कि पूरा परिवार दहशत में है। विरोध करने पर दबंग आशिक और उसके साथियों ने मिलकर पति को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मरणासन हालत में पहुँचा दिया। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने विरोध करने पर पीड़ित की 16 साल की नाबालिग साली की जबरन उसी आशिक से शादी कराने का फरमान सुना दिया। जान बचाने के लिए अब यह पीड़ित परिवार दर-दर भटकने और छिपकर रहने को मजबूर है।
घटनाक्रम के मुताबिक, ग्राम अमोला नं. 3 निवासी बबलेश परिहार मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता है। बबलेश की जिंदगी में उस वक्त भूचाल आ गया जब उसे पता चला कि उसकी पत्नी चाहत परिहार के पिछले एक साल से आशु परिहार नामक युवक के साथ अवैध संबंध चल रहे हैं। जब बबलेश ने इस बात पर आपत्ति जताई और अपनी पत्नी को समझाने की कोशिश की, तो आरोपी पक्ष आग बबूला हो गया। बात तब और गंभीर हो गई जब आरोपियों ने बेखौफ होकर बबलेश की 16 साल की नाबालिग साली की जबरन शादी उसी आशु परिहार से तय करने की बात कह डाली।
बीती 11 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे जब बबलेश स्थानीय काली माता मंदिर के पास मौजूद था, तभी आरोपी आशु परिहार और उसके साथी समीर आदिवासी ने उसे घेर लिया। आशु ने गंदी-गंदी गालियाँ देते हुए कहा कि "तू मेरी शादी में रोड़ा बनता है" और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। आरोप है कि इस कातिलाना हमले में बबलेश की पत्नी चाहत परिहार और उसकी दो बहनें भी मौके पर मौजूद थीं, जो इशारे कर आरोपियों से पति की पीट-पीटकर हत्या करवाने की जिद पर अड़ी हुई थीं। लाठी के गंभीर वार से बबलेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और बदमाश उसे मरा हुआ समझकर फरार हो गए।
पीड़ित पति ने जब अमोला थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, तो आरोप है कि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय खानापूर्ति कर दी और मुख्य बदमाशों के नामजद साक्ष्यों को नजरअंदाज कर दिया। पुलिस से शिकायत करने के बाद से ही आरोपी पक्ष और उनके साथ घूम रहे अन्य बदमाश खुलेआम हथियार लहराते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। दबंगों के खौफ और आतंक के साए में जी रहा यह पीड़ित परिवार अपने घर लौटने के बजाय अब सुरक्षित ठिकानों पर छिपकर रहने को मजबूर है। लाचार पति बबलेश ने आज शनिवार की शाम 4 बजे एसपी ऑफिस में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।


