शिवपुरी, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर वर्मा ने एक-एक कर सभी आवेदकों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रशासनिक स्तर पर बिना किसी देरी के त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े गंभीर मामलों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर ही रेडक्रॉस कोष से आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई तथा रुकी हुई शासकीय योजनाओं का लाभ पोर्टल के माध्यम से तुरंत हितग्राहियों तक पहुंचाया गया।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे होनहार छात्र वीरेंद्र को 20 हजार रुपये की सहायता
जनसुनवाई के दौरान तहसील बैराड़ के ग्राम ऐंचवाडा निवासी प्रतिभावान छात्र वीरेंद्र कुशवाहा ने कलेक्टर अर्पित वर्मा के समक्ष अपनी बात रखी और बताया कि माता-पिता के विगत 10 वर्षों से अस्वस्थ रहने की विषम परिस्थितियों के बावजूद वह पूरी निष्ठा और लगन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा हुआ है।
छात्र के अटूट हौसले, लगन और उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए कलेक्टर वर्मा ने संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने मौके पर ही रेडक्रॉस मद से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान कर उसकी आगे की पढ़ाई और तैयारी की राह आसान की।
कक्षा 9वीं की मूक-बधिर छात्रा की सहायता हेतु 5 हजार रुपये मंजूर
जनसुनवाई में ग्राम इन्दरगढ़ सुभाषपुरा निवासी नरेश जाटव पुत्र भरोसा जाटव ने अपनी मूक-बधिर पुत्री, जो कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है, की पेंशन बनवाने एवं आर्थिक सहायता हेतु आवेदन दिया। बालिका की शिक्षा के प्रति परिवार के समर्पण को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने तत्काल रेडक्रॉस मद से 5 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की तथा सामाजिक न्याय विभाग को नियमानुसार पेंशन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
रानी यादव को 10 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत
जनसुनवाई के दौरान ठकुरपुरा शिवपुरी निवासी रानी यादव ने कलेक्टर अर्पित वर्मा के समक्ष उपस्थित होकर आर्थिक सहायता का आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पति विगत 1 वर्ष से मुंह के कैंसर गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं, जिससे परिवार के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट एवं जीवन-यापन की समस्या उत्पन्न हो गई है। मामले की गंभीरता को समझते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्काल रेडक्रॉस मद से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की।
कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित इस साप्ताहिक जनसुनवाई में जिला प्रशासन सक्रियता के साथ आमजन की समस्या के समाधान हेतु प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला सहित जिले के समस्त विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जनसुनवाई में आए प्रत्येक आवेदक की समस्या को पूरी गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ सुना। कलेक्टर अर्पित वर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन का यह एकीकृत प्रयास सहायता और राहत पहुंचाने की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय व सकारात्मक पहल साबित हो रहा है।


