शिवपुरी। मोबाइल फोन आज हर व्यक्ति की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में मोबाइल गुम या चोरी हो जाने पर लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ जरूरी दस्तावेजों, संपर्क नंबरों और निजी जानकारी को लेकर भी चिंता सताने लगती है। शिवपुरी पुलिस की साइबर सेल ने ऐसे ही परेशान लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने का सराहनीय कार्य किया है।
शिवपुरी साइबर सेल द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आपकी अमानत’ के तहत पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से गुम एवं चोरी हुए 150 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों की पहचान एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें सुपुर्द किया गया।
मोबाइल वापस मिलते ही खिले चेहरे
मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनका कीमती मोबाइल पुलिस के माध्यम से वापस मिला तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लोगों ने शिवपुरी साइबर सेल की कार्यप्रणाली और पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया।
वरिष्ठ पत्रकार संजीव बांजल की बहन का मोबाइल भी बरामद
इसी अभियान के दौरान वरिष्ठ पत्रकार संजीव बांजल जी की बहन संगीता जैन जी का गुम हुआ मोबाइल फोन भी साइबर सेल की टीम ने बरामद कर लिया। मोबाइल बरामद होने के बाद उसे आवश्यक प्रक्रिया के तहत वरिष्ठ पत्रकार संजीव बांजल जी को सुपुर्द किया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर संजीव बांजल एवं उनके परिवार ने शिवपुरी साइबर सेल की टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश भी सामने आया कि मोबाइल गुम होने के बाद नागरिकों को निराश होने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
साइबर सेल की सक्रियता से मिल रही सफलता
‘ऑपरेशन आपकी अमानत’ के माध्यम से साइबर सेल लगातार गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यमों से ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद होना साइबर सेल की तकनीकी दक्षता और लगातार किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।
शिवपुरी पुलिस की इस पहल से न केवल लोगों को उनका कीमती सामान वापस मिल रहा है, बल्कि नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हो रहा है। ‘ऑपरेशन आपकी अमानत’ के तहत 150 मोबाइल फोन की बरामदगी और उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाना निश्चित रूप से पुलिस की सराहनीय उपलब्धि है।


