शिवपुरी, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद शिवपुरी में देशभक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर, भाजपा के वरिष्ठ नेता, पार्षदगण, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा द्वारा CMO श्री यशवंत राठौर की उपस्थिति में राष्ट्रध्वज फहराया गया तथा सभी ने राष्ट्रध्वज को नमन करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। नगर पालिका परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके साथ ही तात्या टोपे स्मारक स्थल पर भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर सहित पार्षदगण, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नगर पालिका अधिकारी-कर्मचारी तात्या टोपे की स्मृति स्थल पर पहुंचे और महान स्वतंत्रता सेनानी तात्या टोपे को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित, जनसेवा और शहर के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना हम सभी का दायित्व है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा एवं CMO श्री यशवंत राठौर ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम में नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रही और पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।


