शिवपुरी। जिले में आज ‘सेवा से संकल्प अभियान-2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिला अस्पताल शिवपुरी में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अरपित वर्मा IAS ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने जिलेवासियों से आगे बढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान करने और अभियान को सफल बनाने की अपील की।
कलेक्टर के रक्तदान करने के बाद शिविर में मौजूद लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के बाद रक्त संग्रहण की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जिला पंचायत CEO विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मानव सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ा अभियान
‘सेवा से संकल्प अभियान-2026’ के शुभारंभ के साथ ही जिले में सेवा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। रक्तदान शिविर के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि स्वस्थ नागरिक नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद में अपना योगदान दें।
शिवपुरी में शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य केवल रक्त संग्रहण तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की भावना को मजबूत करना भी है।



.jpg)