जानकारी के अनुसार 10 जुलाई 2026 को शिवचरण आदिवासी ने गोपालपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जंगल से उसकी कुल 26 बकरियां अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर गोपालपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 34/26, धारा 303(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 11 जुलाई को पुलिस ने छोटू गोस्वामी उम्र 23 वर्ष और रवि उर्फ विनोद गोस्वामी उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी ऊंची बरौद थाना बैराड़, को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से चोरी की 18 बकरियां बरामद हुई थीं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने भाई दशरथ गोस्वामी और गणेश गोस्वामी के साथ मिलकर कुल 26 बकरियां चोरी की थीं तथा शेष 8 बकरियां दशरथ और गणेश के पास थीं।
इसके बाद पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार अपनी जगह बदल रहे थे, जिसके चलते उनकी गिरफ्तारी में परेशानी आ रही थी।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और पोहरी एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में गोपालपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राधेश्याम शिवहरे और पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता एवं लगातार प्रयासों के जरिए 17 सितंबर 2026 को दशरथ गोस्वामी उम्र 28 वर्ष और गणेश गोस्वामी उम्र 31 वर्ष, दोनों निवासी ऊंची बरौद थाना बैराड़, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की शेष 8 बकरियां बरामद कर लीं। बरामद बकरियों को फरियादी शिवचरण आदिवासी के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



.jpg)