शिवपुरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11.15 ग्राम स्मैक पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त मसरुके की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में करैरा थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
19 सितंबर 2026 को करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति स्मैक लेकर समोहा की ओर से करैरा की तरफ आने वाले हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मछावली के आदिवासी पुरा के पास पहुंची। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के दो व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए।
पुलिस को देखते ही दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान कृष्णकांत पुत्र काशीराम कोली, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम शेरगढ़ थाना नरवर और नरेंद्र पुत्र गोपाल सिंह कुशवाहा, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम पोहा थाना नरवर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से 11.15 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। मामले में थाना करैरा में अपराध क्रमांक 651/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से स्मैक के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
जब्त सामग्री:
- 11.15 ग्राम स्मैक — कीमत करीब 2.20 लाख रुपये
- बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल — कीमत करीब 80 हजार रुपये
- कुल जब्त मसरुका — करीब 3 लाख रुपये



.jpg)