जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को ग्राम ईमलिया निवासी रामवीर गुर्जर ने गोपालपुर थाने पहुंचकर सूचना दी कि उसकी 11 भैंसें ग्राम पाडरखेड़ा के जंगल में चरते समय कहीं गुम हो गई हैं। काफी तलाश करने के बावजूद जब भैंसों का कोई पता नहीं चला तो उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना पुलिस ने गुम मवेशियों की रिपोर्ट दर्ज कर मामले को जांच में लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जंगल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सर्चिंग शुरू की।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में गोपालपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राधेश्याम शिवहरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तलाश जारी रखी।
पुलिस टीम ने 14 सितंबर 2026 को ग्राम पाडरखेड़ा के जंगल में सघन सर्चिंग के दौरान लापता हुई सभी 11 भैंसों को खोज निकाला। पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर उनकी पहचान सुनिश्चित की और इसके बाद उन्हें उनके मालिक रामवीर गुर्जर को सकुशल सुपुर्द कर दिया।
अपनी बेशकीमती भैंसें वापस मिलने के बाद पशु मालिक ने पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से न केवल करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति सुरक्षित हुई, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता भी सामने आई है।



.jpg)