शिवपुरी। जनविश्वास अभियान 2026 के तहत हर शुक्रवार जनता के नाम कार्यक्रम के क्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने मगरौनी क्षेत्र के बाल शिक्षा केन्द्र निजामपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर के निरीक्षण से आंगनबाड़ी केंद्र में व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सक्रियता दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने आंगनबाड़ी केंद्र की निरीक्षण पंजी, पंजीयन रजिस्टर एवं स्टाफ रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता भी परखी।
कुपोषित बच्चों की स्थिति की ली जानकारी
कलेक्टर ने केंद्र में आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित जानकारी भी ली। विशेष रूप से कुपोषित बच्चों और उन्हें NRC (पोषण पुनर्वास केंद्र) से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से बच्चों की स्थिति, देखभाल एवं पोषण व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।
साफ-सफाई और बागवानी को लेकर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा बागवानी विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र का वातावरण बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक होना चाहिए। परिसर में हरियाली एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों के पोषण, देखभाल एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाओं को गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए।
जनविश्वास अभियान के तहत जमीनी व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर
जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा का आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की स्थिति जानने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।



.jpg)